रेलवे रोड से नहीं निकलेंगे गन्ना भरे वाहन
गोला गोकर्णनाथ। रेलवे रोड से अब गन्ना भरे वाहन चीनी मिल को नहीं जा सकेंगे। रेलवे सुरक्षा बल मैलानी के एसआई चंद्रिका प्रसाद ने बजाज चीनी मिल प्रबंधक को नोटिस देकर रेलवे एप्रोच रोड से गन्ना भरे वाहनों का आवागमन बंद करने को कहा है।
नगर के अधिवक्ता संतोष त्रिपाठी ने मंडल रेल प्रबंधक लखनऊ को शिकायती पत्र भेजा था, जिसमें कहा गया था कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ में उन्होंने जनहित याचिका कर रेलवे की अप्रोच रोड से गन्ना भरे वाहन न निकलने के लिए मांग की थी। जिस पर हाईकोर्ट ने आदेश जारी कर रेलवे अप्रोच रोड से गन्ना भरे वाहन निकलने पर रोक लगा दी थी। इस पेराई सत्र में बजाज चीनी मिल ने फिर से रेलवे रोड से गन्ना भरे वाहन निकालने शुरू कर दिए हैं, जिससे पालतू पशु, गाय, बच्चों और वृद्घों के साथ दुर्घटनाएं हो रही हैं। मंडल रेल प्रबंधक ने इसकी जांच रेलवे सुरक्षा बल को सौंपी थी। जिस पर उपनिरीक्षक चंद्रिका प्रसाद ने शिकायतकर्ता के बयान लेकर चीनी मिल को नोटिस जारी किया है।