लखीमपुर खीरी/ बांकेगंज।
वजन दिवस पर बीएसए बु्द्धप्रिय सिंह ने शुक्रवार ब्लॉक क्षेत्र की गोद ली हुई न्याय पंचायत बांकेगंज के तीन आंगनबाड़ी केंद्रों पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बाबूपुर और अन्नापुर स्कूलों में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों का वजन लिया और वर्कर से उनका हाल जाना। साथ ही गर्भवती और धात्री महिलाओं को कुपोषण से बचाव के टिप्स दिए।
आंगनबाड़ी वर्कर की हड़ताल के चलते ब्लॉक क्षेत्र की तीस फीसदी से अधिक आंगनबाड़ी वर्कर ने वजन दिवस का बहिष्कार किया, जिसके चलते वजन दिवस मात्र औपचारिकता बन कर रह गया। बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारियों और शिक्षकों ने खुले मिले केंद्रों पर बच्चों का वजन लिया। वजन दिवस के मौके पर बाबूपुर और अन्नापुर प्राथमिक स्कूलों में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्रों पर पहुंचे बीएसए ने वहां मौजूद क्रमश: 128 और 117 बच्चों का वजन लिया। इसमें बाबूपुुर में 19 और अन्नापुर में 15 अतिकुपोषित बच्चे मिले। बीएसए ने वर्कर और अभिवावकों से बच्चों की सेहत का हाल जानने के बाद उन्हें कुपोषण से बचाव के उपाय बताए। बीएसए ने बताया कि वजन दिवस पर बंद मिले केंद्रों की रिपोर्ट जिला कार्यक्रम अधिकारी को भेजी जाएगी। इस दौरान बीईओ रामतिलक वर्मा, शिक्षक मुकेश वर्मा, डॉ यूसुफ अली, कृष्ण कुुमार, मुनेश्वर दयाल आदि मौजूद रहे।
उधर प्रभारी सीडीपीओ दयावती ने बताया कि आंगनबाड़ी वर्कर की हड़ताल के चलते पच्चीस फीसदी से अधिक वर्कर द्वारा वजन दिवस का बहिष्कार करने से संबधित केंद्रों के बच्चों का वजन नहीं लिया जा सका। उन्होंने बताया कि खुले मिले सभी केंद्रों पर बच्चों का वजन लिया गया है। जिसकी रिपोर्ट मिलने पर कुपोषित और अतिकुपोषित बच्चों की संख्या का पता लगेगा।
मोहम्मदी। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्र पालचक में वजन दिवस मनाया। इस दौरान शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों का वजन लिया गया। इस मौके पर पर्यवेक्षक अध्यापक जावेद बेग, वर्कर योगेंद्री आर्या, सहायक वर्कर रामदेवी, प्रधान प्रतिनिधि राजेश गिरि आदि मौजूद रहे।