सड़क हादसों में पिछले कुछ दिनों में करीब 13 लोगों की मौत से खीरी पुलिस हरकत में आ गई है। एसपी डॉ एस चन्नप्पा ने शुक्रवार को सभी थाना क्षेत्रों में हेलमेट चेकिंग अभियान चलाने के आदेश दिए हैं, जिसमें बगैर हेलमेट वाहन चालक खास तौर पर निशाने पर रहेंगे। एसपी ने महिलाओं और युवतियों की भी स्कूटी रोककर चेकिंग के निर्देश दिए हैं। बगैर हेलमेट घूमने वालों का हर हाल में चालान करने के निर्देश दिए गए हैं, जिस दौरान कोई सिफारिश नहीं सुनी जाएगी।
एसपी ने बताया कि दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनना अनिवार्य है। इसके बिना सफर करने वालों को किसी भी हाल में बख्सा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि कुछ लोग लापरवाही करके अपना जीवन खतरे में डाल रहे हैं। साथ ही परिवार की अनदेखी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जागरुकता के लिए समय-समय पर कार्यक्रम कराए जाते हैं, जिसके बावजूद लोग सुधरने को तैयार नहीं है। ऐसी दशा में सख्त कार्रवाई ही एकमात्र विकल्प है।