लखीमपुर खीरी। बाढ़, अग्निकांड, ओलावृष्टि, भूकंप, आंधी-तूफान आदि 22 प्रकार की आपदाओं से निपटने के लिए जिले के 1040 युवाओं को आपदा मित्र बनाया जाएगा। इसमें महिलाओं की भागीदारी अधिक रहेगी।
युवा आपदा मित्र परियोजना के तहत प्रदेश में 29,772 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाना है। इसमें जिले के प्रशिक्षण संस्थान में 14 नवंबर, 2025 से 22 जनवरी, 2026 तक 250-250 युवाओं के चार और 40 युवाओं के एक अलग बैच को आपदा के दौरान क्या करना है, यह सिखाया जाएगा।
इसमें यूपी-26 बटालियन के 500 एनसीसी (राष्ट्रीय कैडेट कोर), नेहरु युवा केंद्र के 250 राष्ट्रीय स्वयं सेवक, जिला विद्यालय निरीक्षक से जुड़े 250 राष्ट्रीय सेवा योजना और स्काउट गाइड 40 युवा शामिल होंगे। एनसीसी के युवाओं का प्रशिक्षण 14 से 20 और 23 से 29 नवंबर के बीच दो बैच में कराया जाना है। वहीं, नेहरु युवा केंद्र के स्वयंसेवक को 16 से 22 दिसंबर, स्काउट गाइड को पांच से 11 जनवरी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक को 16 से 22 जनवरी के बीच प्रशिक्षण ग्रहण करेंगे।
प्रशिक्षण की निगरानी अलग-अलग तिथियों में डीएम, सीडीओ व एडीएम करेंगे। युवाओं की उम्र 18 से 40 वर्ष और कम से कम कक्षा सात पास होना चाहिए। साथ ही शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ होना चाहिए।
प्रशिक्षण में महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी कराई जाएगी, जिसमें पांच सौ से अधिक का लक्ष्य रखा गया है। प्रशिक्षण के बाद आपदा मित्रों को किट दी जाएगी। जिला आपदा विशेषज्ञ अंकित राज ने बताया कि आपदा मित्र से संबंधित सभी प्रकार की तैयारियों पूरी कर ली गई है। प्रशिक्षण के लिए ट्रेनर लखनऊ से आए हैं।