आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सहायिका संघ का धरना प्रदर्शन 19वें दिन भी जारी रहा। विलोबी मेमोरियल परिसर में एकत्र होने के बाद आंगनबाड़ी वर्कर काली पट्टी बांधकर जुलूस के रूप में राजापुर मंडी पहुंचीं, जहां उन्होंने प्रभारी मंत्री के सामने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।
जिलाध्यक्ष शांती वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार अपने वादे के मुताबिक वर्कर को 20 हजार रुपये और सहायिका को 10 हजार रुपये मानदेय की बढ़ोत्तरी करें। जब तक मांग पूरी नहीं होती, तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। उपाध्यक्ष रीता वर्मा ने कहा कि सबका साथ सबका विकास का दावा सरकार कर रही है, लेकिन आंगनबाड़ी वर्कर से छलावा किया जा रहा है। सरकारें आंगनबाड़ी वर्कर को खिलौने की तरह इस्तेमाल कर रही हैं। प्रदर्शन करने वालों में सुनीता वर्मा, शशि, रेखा, गंगाजली, राजकुमारी, चंदेश्वरी, मीना राज, रेनू वर्मा, प्रेमलता, कमलेश पांडेय, अनीता वाजपेयी आदि शामिल रहीं।