कुश्ती में हरियाणा के संदीप ने सभी पहलवानों को किया चित
- फोटो : लखीमपुर खीरी, अमर उजाला
लखीमपुर खीरी/महंगापुर। बाबा कंडल दास को समर्पित जोड़ मेले में हर साल की तरह इस बार भी कबड्डी, रस्साकशी, कुश्ती प्रतियोगिताएं हुईं। कुश्ती में हरियाणा के संदीप ने सभी को चित करके विजय हासिल की। इस बार मेले में महिला प्रतिभागियों के लिए भी अलग से प्रतियोगिताएं हुईं।
बाबा कंडल दास के जोड़ मेले का आयोजन संत बाबा गुरनाम सिंह की सरपरस्ती में हुआ। मेले में पंजाब, हरियाणा, हिमाचल आदि कई प्रदेशों से आए खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर करतबों का प्रदर्शन किया। इस साल महिला खिलाड़ियों की भी प्रतियोगिताएं हुईं। ओपन कबड्डी में कुरुक्षेत्र (हरियाणा) की टीम ने प्रथम स्थान पाकर 51 हजार रुपए और ट्राफी पर कब्जा जमाया, जबकि दूसरे नंबर पर रही मुक्तसर साहिब पंजाब की टीम को 31 हजार व तीसरे नंबर पर रही बाबा अर्जुन सिंह क्लब पंजाब को 21 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। इसी तरह कबड्डी की द्वितीय टीम में नवाबगंज ने प्रथम स्थान पाकर 21 हजार रुपये और ट्रॉफी जीती, जबकि दूसरे स्थान पर रही कजरी टीम को 11 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।
कुश्ती में हरियाणा के संदीप ने सभी को हराते हुए 51 हजार रुपये पर कब्जा जमाया। महिला कबड्डी में हरियाणा की टीम ने प्रथम स्थान पाकर 31 हजार रुपये जीते, दूसरे स्थान पर पंजाब की टीम रही, जिसको 21 हजार रुपये दिए गए।
सभी पुरस्कार खेल प्रबंधक कमेटी के प्रधान जसवंत सिंह, सदस्य तीर्थ सिंह, सुखपाल सिंह, साहब जीत सिंह, धर्मजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह, उमेंद्र सिंह, दर्शन सिंह, गुरेंद्र सिंह, सुरेन्द्र सिंह आदि ने प्रदान किए। खेल प्रतियोगिता में 39वीं वाहिनी एसएसबी के जवानों का खास सहयोग रहा। कमेटी के आग्रह पर एसएसबी जवानों को सुरक्षा के लिए लगाया गया था। प्रभारी एसएसबी कमानडेंट राजीव रंजन ने मेले की व्यवस्था को सही बनाए रखने के निर्देश जवानों को दिए थे। इस दौरान भारी संख्या में संगत मौजूद रही।