महेवागंज। चौकी के निकट स्थित इफको खाद क्रय केंद्र पर कलेक्शन करने पहुंचे रेडियंट कैश कलेक्शन कर्मी की जेब से उचक्का 10 हजार रुपये निकाल ले गया। घटना की तस्वीर पास लगे सीसी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्ध की तलाश कर रही है।
ओयल के गांव सुंसी निवासी रामप्रकाश ने बताया कि वह रेडियंट कैश कलेक्शन कर्मी हैं। शुक्रवार दोपहर वह कस्बे के इफको क्रय केंद्र पर कलेक्शन के लिए पहुंचे थे। उस समय खाद लेने वालों की काफी भीड़ लगी थी।
आरोप है कि भीड़ का फायदा उठाकर किसी उचक्के ने उनकी पैंट की जेब में रखे 10 हजार रुपये निकाल लिए। काउंटर के पास पहुंचने पर उन्हें नकदी गायब होने की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
बताया जा रहा है कि फुटेज में एक अधेड़ उम्र का व्यक्ति जेब से रुपये निकालते दिखाई दे रहा है। पुलिस उसकी पहचान कर तलाश में जुटी है।