लखीमपुर खीरी। खाद्य सुरक्षा की टीम ने शनिवार को लखीमपुर के साथ ही खमरिया, ईसानगर सहित कई क्षेत्रों में छापे मारे। टीम ने मिठाई, दूध सहित 10 प्रकार के खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भरे।
सहायक आयुक्त खाद्य बृजेंद्र शर्मा ने बताया कि बसढ़िया से पेडे, खमरिया से बेसन, छेना मिठाई व दूध, ईसानगर से मैदा, लखीमपुर संकटा देवी से खोया, सैधरी से सोन पापड़ी व बेसन के नमूने संकलित किए गए। उन्होंने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच में अगर कोई भी नमूना फेल पाया जाता है तो संबंधित कारोबारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि यह अभियान होली तक जारी रहेगा। कारोबारियों को चेतावनी दी जा रही है कि अगर गड़बड़ी करते पकड़े गए तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सहायक आयुक्त खाद्य ने बताया कि यह अभियान पांच मार्च से चल रहा है। अब तक 28 से अधिक नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।