उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में एक हैरान करने वाला सामने आया है। यहां पडरौना कोतवाली क्षेत्र के गांव सिरसिया दीक्षित निवासी विकास चौधरी मंगलवार को अपने चार दोस्तों के साथ गांव के समीप बड़ी गंडक नहर के पुल पर अपने मोबाइल फोन से सेल्फी खींच रहा था।
इसी दौरान पैर फिसल जाने के कारण वह नहर में गिरकर डूब गया। गोताखोरों की मदद से तलाश की गई लेकिन देर शाम तक युवक का कुछ पता नहीं लगा। मौके पर मौजूद रहे दोस्तों ने शोर मचाना तो आसपास के खेतों मे धान की रोपाई कर रहे मजदूर मौके पर पहुंचे।
घटना की जानकारी होने पर मिश्रौली चौकी प्रभारी कन्हैया लाल यादव मौके पर पहुंचे और एक गोताखोर बुलाया। कुछ देर बाद पहुंचे कोतवाल पवन सिंह ने भी तीन गोताखोर मंगाकर खोजबीन कराई। विकास का कुछ पता नहीं चलने से परिजनों में चीख पुकार मची है।
बताया जा रहा है कि डूबे युवक के पिता सफाई कर्मी हैं। दिसंबर में विकास की शादी तय थी। कोतवाल पवन कुमार सिंह ने बताया कि काफी प्रयास किया गया लेकिन नहर में बहाव तेज होने के चलते अभी युवक का कुछ पता नहीं लगा है।