खड्डा। क्षेत्र के भुजौली खुर्द गांव के पास हार्न बजाने व साइड लेने को लेकर मारपीट और चाकूबाजी में गंभीर रूप से घायल अजित यादव की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। वह गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती था। अजित की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। इस मामले में तीनों आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं।
बताया जाता है कि बीते शनिवार देर शाम खडडा थाना क्षेत्र के हथिया गांव निवासी 22 वर्षीय अजित यादव अपने मामा छोटेलाल यादव निवासी जिंदाछपरा, थाना हनुमानगंज के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से मिट्टी लेने भुजौली खुर्द गांव गए थे। लौटते समय रास्ते में हार्न बजाने और साइड लेने को लेकर विवाद हो गया। मारपीट के दौरान चाकू लगने से अजित और उसके मामा दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। धनौजी गांव के लोगों ने तीन आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। घायल अजित को पहले जिला अस्पताल फिर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां से परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए थे। बुधवार दोपहर बाद उसकी मौत हो गई। वहीं छोटेलाल का इलाज जारी है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
-इलाज के दौरान मौत की सूचना है। हत्या की कोशिश की प्राथमिकी दर्ज कर तीन को जेल भेजा गया है। पहले से दर्ज प्राथमिकी में धाराएं बढ़ाई जाएंगी। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है। -बीके सिंह, सीओ खड्डा