पडरौना। जिला स्तरीय एंटी भू-माफिया टास्क फोर्स ने तमकुहीराज क्षेत्र के मेहदिया बुजुर्ग निवासी धनंजय उपाध्याय को भू-माफिया घोषित किया है। डीएम की अध्यक्षता में सात मई को हुई बैठक में एसडीएम, सीओ तमकुहीराज की संयुक्त जांच रिपोर्ट के आधार पर यह निर्णय लिया गया।
जांच में पता चला कि धनंजय पर बैनामाशुदा भूमि और अन्य जमीनों को कथित मिलीभगत से हड़पने के लिए जालसाजी और कूटरचना करने के आरोप हैं। एसडीएम और सीओ की रिपोर्ट के अनुसार, धनंजय के खिलाफ मारपीट, बलवा, घर में घुसकर हमला, धमकी समेत कई गंभीर धाराओं में पटहेरवा थाने में प्राथमिकी दर्ज हैं।
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि धनंजय उपाध्याय के पिता स्वर्गीय रामायण उपाध्याय और माता ठागो देवी ने वर्ष 1977 से 2010 के बीच विभिन्न लोगों के पक्ष में भूमि का बैनामा किया था। आरोप है कि वर्ष 2024 में धनंजय उपाध्याय ने कथित फर्जी इंद्राज के आधार पर उन्हीं बैनामाशुदा जमीनों पर कब्जा लेने और क्रेताओं को बेदखल करने की कोशिश की। संयुक्त जांच रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि कोशिश विफल होने पर एसडीएम तमकुहीराज न्यायालय में वाद दायर कर संबंधित क्रेताओं को जमीन जब्ती की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। संवाद