पडरौना/पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के नेबुआ स्थित देसी शराब भट्ठी के सामने नहर में रविवार दोपहर नेबुआ निवासी श्रवण राजभर की डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नेबुआ निवासी श्रवण राजभर (35) पुत्र नागेश्वर राजभर के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक श्रवण रविवार दोपहर देसी शराब भट्ठी से निकलने के बाद नहर में नहाने के लिए उतरा था। इसी दौरान वह नहर में लगे पाइप में फंस गया और बाहर नहीं निकल सका। आशंका जताई गई की काफी देर तक पानी में फंसे रहने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंचे उपनिरीक्षक मणिन्द्र कुमार ने पुलिसकर्मियों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। श्रवण राजभर की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है। वह अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। पिता की असमय मौत से दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया भी उठ गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष चंद्रभूषण प्रजापति का कहना हैं कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा।