मंसाछापर। बाजार से सब्जी लेकर घर जा रहे युवक को मंगलवार की देर रात ट्रेलर ने कुचल दिया। अस्पताल जाते समय रास्ते में युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रेलर छोड़कर भाग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पडरौना कोतवाली क्षेत्र के जंगल सिंघा पट्टी गांव के बांसी टोला निवासी 32 वर्षीय प्रभु पटेल मंगलवार की रात करीब 9.30 बजे बाजार से सामान लेकर पैदल लौट रहे थे। इस दौरान बिहार की तरफ से आ रहे ट्रेलर ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायल को मेडिकल कॉलेज के भेजा। अस्पताल जाने से पहले घायल की मौत हो गई। प्रभु पटेल के दो छोटे बच्चे हैं और उसकी पत्नी मायके में ही कुछ दिनों से बच्चों के साथ रह रही हैं। प्रभु पटेल मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। बांसी चौकी प्रभारी गौरव वर्मा ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।