जानकीनगर। रविंद्रनगर धूस थाना क्षेत्र के गांव साड़ी खुर्द के टोला बंजारापट्टी उत्तरी में आदित्य उर्फ अनूप मद्देशिया ने शुक्रवार को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन शव को कोहड़ा गांव में अंतिम संस्कार के लिए ले गए। वहां श्मशान घाट पर चिता पर शव रख दिया गया था लेकिन ग्रामीणों को भनक लग गई और वे विरोध करने लगे।
किसी ने इसकी सूचना डायल 112 पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने थाने को सूचना दी। रविंद्रनगर धूस थाने की पुलिस ने चिता से शव को उठवा लिया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को साड़ी खुर्द निवासी रामा मद्देशिया अपने पूरे परिवार संग अपने मझले बेटे की सगाई के लिए तुर्कपट्टी गए थे। इनके घर पर निर्माण का काम चल रहा था। घर पर जब मजदूर और मिस्त्री पहुंचे तो उन्हें किसी सामान की जरूरत पड़ी तो वह उनके छोटे बेटे को आवाज देने लगे लेकिन कमरे से कोई आवाज नहीं आई।
उन्होंने दरवाजा पीटना चालू किया लेकिन दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने ने खिड़की से अंदर देखा तो युवक फंदे से लटका हुआ था। इसकी सूचना युवक के पिता को फोन के जरिए कामगारों ने दी। परिजन बदहवास रह गए।
इस संबंध में सीओ राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि युवक ने आत्महत्या की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बाकी चीजें स्पष्ट हो सकेंगी।