खड्डा। रास्ते में रोक कर हाईस्कूल की एक छात्रा के साथ छेड़खानी करने के मामले में आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी कई दिनों से स्कूल जाते समय छात्रा को परेशान कर रहा था।
जानकारी के मुताबिक सोमवार को हनुमानगंज थाना क्षेत्र की छात्रा साइकिल से खड्डा कस्बा के एक स्कूल में पढ़ने जा रही थी। रास्ते में जखिनिया चौराहे के पास हरेंद्र चौधरी निवासी अहिरौली (नौका टोला) छात्रा को जबरन रोककर अश्लील बात करने लगा। छात्रा ने विरोध किया तो आरोपी युवक उसके साथ छेड़खानी करते हुए मारपीट करने लगा। घर जाकर छात्रा ने इसकी जानकारी परिजनों की दी। मां ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर पुलिस केस दर्ज कर कार्रवाई में जुटी थी। खड्डा थाना प्रभारी निरीक्षक गिरिजेश उपाध्याय ने बताया कि छेड़खानी के आरोपी हरेन्द्र चौधरी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।