दूसरे दिन पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम
बनकटा बाजार (कुशीनगर)। पटहेरवा थाना क्षेत्र के नाथा पट्टी गांव में मकान निर्माण की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे बाबर अली के स्वास्थ्य की जांच करने शुक्रवार को दूसरे दिन चिकित्सकीय टीम पहुंची। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फाजिलनगर के प्रभारी चिकित्साधिकारी के निर्देश पर पहुंची टीम ने अनशनकारी के स्वास्थ्य की जांच कर उनकी स्थिति का जायजा लिया।
बाबर अली पुत्र इसरायल अली का आरोप है कि मकान निर्माण को लेकर उन पर पुलिस में दर्ज मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि घरौनी के आधार पर मकान निर्माण कराने के लिए पहले मुकदमे उठाने की बात कही जा रही है। इसी समस्या के समाधान की मांग को लेकर वह आमरण अनशन कर रहे हैं। बाबर अली ने संबंधित अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की अपील की है। वहीं, अनशन के दूसरे दिन स्वास्थ्य जांच के लिए चिकित्सकीय टीम पहुंचने के बाद अब मामले में प्रशासन की अगली कार्रवाई पर लोगों की निगाहें टिकी हैं।