कुशीनगर। मॉडल रॉकेट्री और कैनसैट प्रतियोगिता में मंगलवार को विजेताओं की घोषणा के साथ चार दिवसीय आयोजन का समापन हो गया। ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र पाकर युवाओं के चेहरे खिल उठे लेकिन प्रतियोगिता में शामिल हर युवा अपने साथ अनुभवों और विशेषज्ञों से मिली सीख की अनमोल पूंजी लेकर लौटा। इसरो, इन-स्पेस और डीआरडीओ के विशेषज्ञों से मिली सलाह ने उनकी वैज्ञानिक समझ को और मजबूत किया।
घर लौटने की तैयारी में जुटे युवाओं के हाथों में कहीं पुरस्कार थे तो कहीं टूटे-बिखरे कैनसैट और मॉडल रॉकेट के पुर्जे। पुरस्कार नहीं जीतने वाले प्रतिभागियों के लिए भी ये पुर्जे खाली हाथ लौटने की निशानी नहीं थे। इनमें महीनों की मेहनत, कई रातों की तैयारी और नारायणी तट पर किए गए प्रयोगों की कहानी दर्ज थी।
किसी को 31 अक्तूबर को हुए जूरी रिव्यू के दौरान अपनी तकनीकी कमियां समझ में आईं तो किसी ने उड़ान से पहले मिली सलाह के आधार पर अपनी तैयारी में बदलाव किया। वहीं, कुछ युवाओं के लिए समापन समारोह में विशेषज्ञों के सुझाव आगे की राह बने।
इन-स्पेस मॉडल रॉकेट्री और कैनसैट इंडिया स्टूडेंट प्रतियोगिता के समापन समारोह में विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी प्रयोग का अपेक्षित परिणाम नहीं मिलना सीखने की प्रक्रिया का अंत नहीं है। अपनी कमियों को पहचानकर उनमें सुधार करना ही वैज्ञानिक सोच का अहम हिस्सा है।
कार्यक्रम में इन-स्पेस के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार गोयनका, निदेशक डॉ. विनोद कुमार, इसरो के पूर्व सहयोगी रॉय एम. चेरियन और कैनसैट मूल्यांकन समिति के प्रमुख डॉ. सुरेंद्र पाल समेत अन्य विशेषज्ञ मौजूद रहे। ड्रोन तकनीक से जुड़े सत्यनारायण मूर्ति और सीएसआईआर-एनएएल की ओर से भी युवाओं को तकनीकी सुझाव दिए गए।
देश के अलग-अलग राज्यों से आए विद्यार्थियों ने कई महीनों की मेहनत से मॉडल रॉकेट और कैनसैट तैयार किए थे। प्रतियोगिता में उन्हें अपने उपकरणों का प्रदर्शन करने के साथ जूरी के सामने तकनीकी पहलुओं को समझाने और विशेषज्ञों से सीधे सुझाव पाने का अवसर मिला। कई टीमें पहली बार प्रतियोगिता में शामिल हुई थीं। कुछ के प्रयोग उम्मीद के मुताबिक सफल नहीं हुए। पैराशूट के खुलने और कैनसैट को निर्धारित स्थान पर वापस लाने में आई चुनौतियों से उन्हें अपनी तैयारियों की कमियां समझने का मौका मिला।