लक्ष्मीगंज। रामकोला थाना क्षेत्र के खोटही बाजार के पास बगीचे में बुधवार की शाम करीब पांच बजे चरवाहों ने 21 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका देख शोर मचाया। उसकी पहचान खोटही कोठी टोला निवासी संदीप मौर्य के रूप में हुई। सूचना पर आई खोटही चौकी पुलिस और फोरेंसिक टीम ने शव को उतार कर कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव का शिनाख्त कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
संदीप मौर्य के माता-पिता की करीब आठ साल पहले ही मौत हो चुकी है। संदीप तीन भाइयों में सबसे बड़े थे।
उनकी अभी शादी नहीं हुई थी। तीनों भाई दिल्ली समेत अलग-अलग रहकर रोजी रोटी कमाते हैं। मृतक संदीप दिल्ली से करीब दस दिन पहले घर आए थे।
उनके घर आने की जानकारी होने पर सबसे छोटा भाई विशाल भी करीब एक सप्ताह पहले घर लौटा था। गांव के लोगों ने बताया संदीप नशा भी करता था। बुधवार की सुबह करीब 11 बजे वे घर पर ही मोबाइल चलाते दिखे थे। छोटा भाई विशाल ने बताया कि बड़े भाई संदीप बागीचे में कैसे पहुंचे इसके बारे में कुछ पता नही है।
इस संबंध में खोटही चौकी प्रभारी मनोज कुमार द्विवेदी ने बताया कि परिजनों की तरफ से अभी तहरीर नहीं मिली है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की जांच की जा रही है।