छितौनी। रोजी रोटी की तलाश में घर से दिल्ली जा रहे युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई है। युवक हनुमानगंज थाना क्षेत्र के छितौनी नगर पंचायत का निवासी था। उसकी मौत की खबर जैसे ही घर पहुंची चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
थाना क्षेत्र के छितौनी नगर पंचायत के वार्ड नंबर 10 भगत सिंह नगर निवासी दरोगा चौहान (45) दिल्ली के किसी कंपनी में नौकरी करते थे। शनिवार को दोपहर में घर से दिल्ली जाने के िए निकले। पनियहवा रेलवे स्टेशन से सत्याग्रह एक्सप्रेस में दिल्ली जाने के लिए सवार हुए। शनिवार की शाम कप्तानगंज-गोरखपुर रेलखंड पर पिपराईच और उनौला रेलवे स्टेशन के बीच उसकी ट्रेन कटकर मौत हो गई हैं। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस टीम ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक के परिजनों को उसकी मौत की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मृतक दरोगा चौहान अपने परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। उसकी मौत के बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसकी पत्नी व बच्चों का रो रोकर बुरा हाल है। हनुमानगंज इंस्पेक्टर अजय पटेल ने बताया कि जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।