रामकोला। नगर क्षेत्र में ससुराल आए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
रामकोला थाना क्षेत्र के बड़हरा लक्ष्मीपुर गांव निवासी नकुल राजभर (32) पुत्र धुरूप राजभर सोमवार को अपनी ससुराल रामकोला नगर आए थे।
मंगलवार को उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर रामकोला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ सकेगा।
फिलहाल सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। रामकोला थानाध्यक्ष चंद्रभान सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।