पडरौना। जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर के सभागार में रविवार को आयोजित मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में 212 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। किसी को दिव्यांगजन सहायक उपकरण मिले तो किसी को स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता और राशन कार्ड दिए गए। पात्रों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। इस दौरान महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया गया।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित शिविर का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश संजीव कुमार त्यागी, डीएम संजय चौहान, एसपी केशव कुमार, अपर जिला जज राम अवतार यादव, नोडल अधिकारी इफराक अहमद, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राजन कुमार गोंड़ और सीडीओ वंदिता श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
शिविर में जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र की ओर से दो लाभार्थियों को सात लाख रुपये के डमी चेक दिए गए। ग्राम्य विकास विभाग ने 12 लाभार्थियों को 40-40 हजार रुपये की सहायता से संबंधित प्रमाणपत्र वितरित किए। सहकारिता विभाग की ओर से तीन लाभार्थियों को क्रमश: 2.50 लाख, तीन लाख और 2.41 लाख रुपये के डमी चेक दिए गए। समाज कल्याण विभाग ने पांच लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए।दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से 19 दिव्यांगों को कान की मशीन, फोल्डिंग व्हीलचेयर और स्मार्ट केन जैसे सहायक उपकरण दिए गए।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 10 लाभार्थियों को थर्मल प्रिंटर वितरित किए गए। महिला कल्याण विभाग ने छह लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया। इनमें एक को चार हजार रुपये प्रतिमाह, दो को 25-25 हजार रुपये और तीन को 2,500-2,500 रुपये की सहायता से संबंधित प्रमाणपत्र दिए गए।
कृषि विभाग की ओर से 20 किसानों को मिनी किट वितरित की गईं। स्वास्थ्य विभाग ने 10 लाभार्थियों को प्रमाणपत्र दिए, जबकि लघु सिंचाई विभाग ने पांच उथले नलकूपों के निर्माण की स्वीकृति दी। खाद्य एवं रसद विभाग की ओर से 16 लोगों को राशन कार्ड वितरित किए गए। ग्रामीण आवास योजना के पांच लाभार्थियों को भी प्रमाणपत्र दिए गए।