गोड़रिया। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के बतरौली धुरखड़वा गांव निवासी विकास (20) की रविवार सुबह गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घरेलू विवाद के बाद युवक ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया था। दो दिन तक इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है।
बीते 29 अक्तूबर को घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद विकास ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे पडरौना स्थित मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सक ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
वहां उपचार के दौरान रविवार सुबह करीब आठ बजे विकास की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची गोरखपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में विशुनपुरा थानाध्यक्ष शनि जावला ने बताया कि मामला संज्ञान में है लेकिन इस मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है।