सिद्धार्थनगर। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है। जिला पुस्तकालय में जल्द ही एनसीईआरटी की नए पैटर्न की किताबें खरीदी जाएंगी। बदलते परीक्षा पैटर्न को देखते हुए किताबों का संग्रह बढ़ाया जाएगा ताकि छात्रों को बेहतर और अद्यतन सामग्री मिल सके।
पुस्तकालय में वर्तमान समय में कुल 13,186 किताबें उपलब्ध हैं, लेकिन इनमें से लगभग तीन हजार से अधिक पुस्तकें काफी पुरानी हो चुकी हैं। इनकी आवश्यकता अभ्यर्थियों को न के बराबर करनी पड़ती है। ऐसे में अभ्यर्थियों को वर्तमान परीक्षा पैटर्न के आधार पर किताबें उपलब्ध कराने की कवायद की जा रही है।
इसके लिए पुस्तकालय में एनसीईआरटी किताबें खरीदी जा रही है। वर्तमान में एनसीईआरटी की 550 किताबें उपलब्ध हैं जबकि प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित 1200 नई किताबें को लाने के लिए ऑर्डर किया गया है।
इससे यूपीएससी, यूपीपीएससी, एसएससी, बैंकिंग, रेलवे समेत विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को सीधा लाभ मिलेगा। जिला राजकीय पुस्तकालय में अब तक 766 अभ्यर्थियों ने सदस्यता ली है और प्रतिदिन 80 से 90 छात्र-छात्राएं यहां आकर अध्ययन करते हैं।