पडरौना। मेडिकल कॉलेज में एक्स-रे फिल्म खत्म होने से शुक्रवार को मरीजों की जांच नहीं हो सकी। सुबह से ही एक्स-रे कक्ष का दरवाजा बंद रहा। जांच कराने पहुंचे मरीजों को सुरक्षा गार्ड ने वापस लौटा दिया। वहीं, कॉलेज प्रशासन की ओर से एक्स-रे फिल्म उपलब्ध नहीं होने की सूचना चस्पा कर दी गई थी।
मेडिकल कॉलेज के हड्डी रोग विभाग समेत अन्य विभागों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज पहुंचते हैं। चिकित्सक जरूरत के अनुसार उन्हें एक्स-रे जांच कराने की सलाह देते हैं। शुक्रवार को भी कई मरीज जांच के लिए पहुंचे, लेकिन पुरानी बिल्डिंग में लगी मशीन के लिए एक्स-रे फिल्म उपलब्ध नहीं थी। इसके चलते जांच कक्ष बंद रहा।
विज्ञापन
कक्ष के बगल में चस्पा नोटिस में लिखा था कि एक्स-रे फिल्म समाप्त होने के कारण सामान्य एक्स-रे नहीं हो पाएगा। केवल मेडिकोलीगल एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध रहेगी। ऐसे में सामान्य जांच कराने पहुंचे मरीजों को निराश होकर लौटना पड़ा।
उधर, मेडिकल कॉलेज में अल्ट्रासाउंड जांच के लिए भी मरीजों की भीड़ रही। काफी संख्या में मरीज बेंच पर बैठकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। दोपहर करीब एक बजे तक केवल 15 मरीजों का ही अल्ट्रासाउंड हो सका था।