मनबढ़ युवकों ने दुकान में की तोड़फोड़
तमकुहीराज। कस्बे की दुकान में मंगलवार को कुछ मनबढ़ युवकों ने तोड़फोड़ की। दुकानदार और उसके भाई के साथ मारपीट की। पुलिस जांच में जुट गई।
सेवरही थाना क्षेत्र के इमिलिया गांव के निवासी अमित गुप्ता की तमकुहीराज कस्बे में सीएचसी के सामने रस्सी की दुकान है। मंगलवार की दोपहर में उनका भाई धनीश गुप्ता दुकान पर खाना लेकर आया था। आठ दस की संख्या में वहां पहुंचे युवकों ने दोनों भाइयों के साथ मार पीटकर लहूलुहान कर दिया। आसपास के दुकानदार अभी मामले को समझ पाते, तब तक हमलावर दुकान का सामान बिखेरकर वहां से भाग निकले। दुकानदारों ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। शाम को परिजनों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
मौके पर पहुंचे व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय सिंह पटेल ने इस घटना की निंदा की। उन्होंने मुकदमा दर्ज कर अराजक तत्वों की गिरफ्तारी करने की मांग की है। इस संबंध में एसओ कपिलदेव चौधरी का कहना है कि तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।