अभिनेत्री पाखी हेगड़े ने छात्राओं को दी सेल्फ डिफेंस की शिक्षा
हाटा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री पाखी हेगड़े ने संत पुष्पा सीनियर सेकेंडरी स्कूल ढाढ़ा हाटा में छात्राओं के लिए सेल्फ डिफेंस क्लासेस का आयोजन किया। मुंबई से आए ट्रेनर नीलेश सोनकर और मास्टर सिफू के साथ मिलकर बच्चियों को सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग दी गई।
कार्यक्रम के दौरान पाखी ने कहा कि लड़कियों को सेल्फ डिफेंस की शिक्षा बचपन से ही देनी चाहिए, ताकि लोग ये न कहें कि तुम लड़की हो। यहां मत जाओ, वहां मत जाओ। इसलिए लड़कियों को पहले सेल्फ डिफेंस सीखना होगा। पाखी ने कहा कि लड़कियां आज किसी से कम नहीं हैं। यह कहने मात्र से काम नहीं चलने वाला, बल्कि अपने आप को उस तरह से बनाना होगा। आत्मरक्षा का गुर होने पर अपने आप में निडर रहेंगी, जो आप को समाज में सम्मान से रहने के लिए प्रेरित करेगा।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य सिस्टर अनमैरी ने सबका आभार जताया। कार्यक्रम में कवि भावना द्विवेदी, शायर मिन्नत गोरखपुरी, सिस्टर जोयसी, सिस्टर अनूपा, डेंटिस्ट डॉ. प्रियंका वर्मा आदि मौजूद रहे।