पडरौना। नवरात्र के अंतिम दिन शुक्रवार को मां दुर्गा के नौवें स्वरूप सिद्धिदात्री की विशेष पूजा-अर्चना की गई। जिला मुख्यालय समेत सभी देवी मंदिरों में हवन पूजन के साथ ही प्रसाद का वितरण किया गया। प्रमुख मंदिरों में भंडारे का भी आयोजन हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। चहुंओर उल्लास का माहौल रहा। मां दुर्गा के जयकारों व भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने कन्या पूजन का उन्हें भोज कराया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिरों में विशेष व्यवस्था की गई थी।
बीते नौ दिनों से चल रहा नवरात्र पर्व शुक्रवार को हवन पूजन व भंडारे के आयोजन के साथ ही संपन्न हो गया। पहले दिन से ही मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की विशेष पूजा-अर्चना का दौर जो शुरू हुआ, वह शुक्रवार को अंतिम दिन तक जारी रहा। इस दिन शहर के बुढि़या माई मंदिर, साहगंज स्थित दुर्गा मंदिर, लखराव दुर्गा मंदिर, खनवार स्थित दुर्गा मंदिर, कसया क्षेत्र के मैनपुर दुर्गा मंदिर और कुलकुल देवी मंदिर आदि देवी मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। धूप, दीप, नैवेद्य की सुगंध से मंदिर महकते रहे। जिलेभर के देवी मंदिरों का माहौल भक्तिमय रहा।
श्रद्धालुओं ने देवी दर्शन के साथ घर और मंदिरों में मां दुर्गा के नौवें स्वरूप सिद्धिदात्री देवी की विशेष पूजा-अर्चना श्रद्धालुओं ने संबंधित देवी मंदिरों में की। सुबह से ही मंदिरों में से मां दुर्गा के जयकारे गूूंजने लगे। भक्ति से सराबोर श्रद्धालुओं ने न सिर्फ विशेष पूजा-अर्चना की, बल्कि मां के दरबार में माथा टेककर मन्नत भी मांगी। सिद्धिदात्री देवी की पूजा-अर्चना के साथ ही हवन पूजन का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भागीदारी की।
तमकुहीरोड संवाद के अनुसार, सेवरही क्षेत्र के दुर्गा मंदिरों में भोर से श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने देवी की पूजा अर्चना की और हवन किया। जगह-जगह मंदिर परिसर में महिलाओं ने प्रसाद तैयार कड़ाही चढ़ाई और कुमारी कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन कराया।
कस्बे के श्रीराम जानकी मंदिर पुरानी पुलिस चौकी चौराहा, मिलिया माता दुर्गा मंदिर मालवीय नगर, सिंह भवानी दुर्गा मंदिर गांधी नगर, जलपा माता मंदिर कतौरा, छतुवनिया माता मंदिर अवदान टोला, बेलवा माता मंदिर आजाद नगर, काली माता मंदिर अंबेडकर नगर, गुलरिया माता मंदिर महाबीर नगर, बसई देवी भवानी मंदिर जगदीशपुर, सोना भवानी मंदिर ठकरहा ,अष्ठभुजी भवानी मंदिर ब्रह्मपुर, पिंडी माता मंदिर जानकी नगर, बैराट माता मंदिर राजपुर बगहा, डीह भवानी मंदिर दवनहा के साथ रकबा दुलमा पट्टी, बभनौली, पिरोजहा, पिपराघाट, जंगली पट्टी, जवही दयाल, विरवट कोन्हवलिया, मिश्रौली, अहिरौलीदान स्थित सभी देवी मंदिरों में सुबह से ही भक्तों के आने का तांता लगा रहा।
सेवरही के दुर्गा मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओ की भीड़ व हवन पूजन कराते श्रद्धालु।संवाद
सेवरही के दुर्गा मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओ की भीड़ व हवन पूजन कराते श्रद्धालु।संवाद