प्रसव के दौरान बिगड़ी हालत, जच्चा-बच्चा की मौत
गोड़रिया (कुशीनगर)। दुदही क्षेत्र के जंगल सिसवा निवासी एक महिला को बृहस्पतिवार की रात प्रसव वेदना होने पर दुदही सीएचसी में भर्ती कराया गया था। देर रात प्रसव के दौरान हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रास्ते में दोनों की मौत हो गई। परिजनों ने स्वास्थ्य कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
जंगल सिसवा गांव निवासी राजेश प्रसाद ने बताया कि पत्नी सुशीला को प्रसव पीड़ा होने पर दुदही सीएचसी लेकर गए थे। वहां कोई डॉक्टर नहीं मिला। कुछ देर बाद स्टाफ नर्स ने प्रसव कराया। इस दौरान अत्यधिक रक्तस्राव से महिला की हालत बिगड़ गई तो आनन-फानन जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। परिजन शव लेकर गांव चले गए। शुक्रवार को चंदा जुटाकर ग्रामीणों ने अंतिम संस्कार किया।
इस संबंध में दुदही सीएचसी प्रभारी एके पांडेय का कहना है इस प्रकरण की उन्हें किसी ने जानकारी नहीं दी है। पीड़ित पक्ष अगर लिखित शिकायत करता है तो आरोपों की जांच कराई जाएगी।