खेत में ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी, चालक की दबकर मौत
पकड़ियार बाजार (कुशीनगर)। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के पड़री मेंहदिया गांव में ईंट-भट्ठे पर मिट्टी लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली खेत में ही पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे चालक दब गया जिससे उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने का मना कर दिया। दोपहर बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। कौआसार गांव के इंद्रासन टोला निवासी करन गोंड (18) शुक्रवार को इसी थाना क्षेत्र के पड़री मेहदियां गांव में एक ईंट-भट्ठे पर अपने ट्रैक्टर ट्रॉली से मिट्टी गिरा रहा था। जेसीवी की सहायता से मिट्टी ट्रॉली पर लोडकर खेत से ऊंची सड़क पर ट्रैक्टर चढ़ा रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ जाने से ट्रैक्टर पलट गया। ट्रैक्टर चला रहा करन गोड़ गाड़ी के नीचे दब गया जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने गाड़ी को सीधा करके शव बाहर निकाला। इसके बाद शव लेकर परिजन अपने घर चले गए। इसकी सूचना पर पुलिस कौआसार गांव पहुंची। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। दोपहर बाद गांव के नजदीक ही अंतिम संस्कार कर दिया गया।