तरकुलवा। थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव के उत्तर खनुआ नाले के पास बुधवार की सुबह गुलर के पेड़ से फंदे से लटका एक महिला का शव मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, सुबह खेत में काम करने गए गांव के लोगों ने खनुआ नाले के किनारे गुलर के पेड़ पर साड़ी के फंदे से लटका हुआ एक महिला का शव देखा। सह बात गांव में पहुंची तो भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से शव को पेड़ से उतरवाया। शिनाख्त के लिए पुलिस ने शव का फोटो देवरिया और कुशीनगर जिलों में सोशल मीडिया और मीडिया सेल पर भेजा। दोपहर बाद शव की शिनाख्त कुशीनगर जिले के ग्राम कुड़वा दिलीप नगर निवासी राजमती देवी (65) पत्नी स्व. रामनरेश सिंह के रूप में हुई। परिवार ने थाने पर पहुंचकर बताया कि राजमती मंगलवार की दोपहर से घर से बिना बताए लापता थीं। थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत की वजह स्पष्ट हो जाएगी।