पकवा इनार। कुशीनगर थाई मंदिर के पास रामाभार स्तूप मार्ग पर सोमवार की सुबह टहलने निकली रमावती देवी को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दिया। इस हादसे में उनकी मौत हो गई।
नगरपालिका कुशीनगर के वार्ड नंबर 20 शहीद भगत सिंह नगर निवासी हीरालाल कुशवाहा की पत्नी रमावती देवी (65) रोज की तरह सोमवार की सुबह टहलने निकली थीं। घर से कुछ दूर थाई मंदिर के पास पहुंची थीं कि तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गईं। आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
चौकी इंचार्ज कुशीनगर गौरव शुक्ल ने बताया कि दुर्घटना में महिला की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक परिजनों की तहरीर के आधार कार्रवाई की जा रही है।