पडरौना। शहर के छावनी में एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत मंगलवार को सुबह हो गई, इसकी खबर मिलते ही तीमारदार इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे, सूचना पर आई पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया, लेकिन कुछ देर बाद कुछ लोग पहुंचे और पंचायतन मामले को सलटा दिए, इसके बाद परिजन शव लेकर घर चले गए। देर शाम तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई थी।
शहर के छावनी मोहल्ला की रहने वाली फिरोज की 28 वर्षीय पत्नी सबाना बानो तीन माह की गर्भवती थी। सुबह तबीयत बिगड़ने पर परिजन रविंद्र नगर धूस थाना क्षेत्र के एक अस्पताल पर लेकर पहुंचे। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई, इसकी जानकारी होने पर परिजन इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। परिजनों का आरोप था कि सबाना की मौत यही पर हो गई थी, इसके बाद मेडिकल कॉलेज कुशीनगर रेफर किया गया। करीब एक घंटे तक हंगामा हुआ, इसके बाद अस्पताल पक्ष के लोग पहुंचे,शहर का मामला होने के कारण करीब एक घंटे तक चली पंचायत में मामला सलट गया और सबाना के परिजन पुलिस को तहरीर देने से मना कर दिया। रविंद्र नगर थानाध्यक्ष ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि आपस में दोनों पक्ष समझौता कर लिया, इसके बाद पुलिस लौट आई। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।