मंसाछापर। जटहा बाजार थाना क्षेत्र के हिरनहीं गांव के हलुअईया पट्टी में मंगलवार की रात बाइक की टक्कर से हिरनहीं गांव की 58 वर्षीय कटोरी देवी की मौत हो गई। बहू और पोती भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों का इलाज मेडिकल कॉलेज कुशीनगर में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पीड़ित परिवार की तरफ से पुलिस को तहरीर दे दी गई है।
कटोरी देवी पत्नी स्वर्गीय रामप्रसाद मंगलवार रात करीब दस बजे अपने दरवाजे के सामने जटहा-पडरौना मुख्य मार्ग की पटरी पर बहू प्रमिला देवी (35) और पोती गड़िया (12) के साथ बैठी थीं। जटहा की ओर से पडरौना जा रहे बिहार के पिपरासी थाना क्षेत्र के मनझरिया-गोबरहिया निवासी इद्दू अली की बाइक अनियंत्रित हो गई और तीनों को टक्कर मार दी। हादसे में कटोरी देवी, प्रमिला देवी और गड़िया गंभीर रूप से घायल हो गईं।
परिजन तीनों को निजी साधन से मेडिकल कॉलेज कुशीनगर ले गए। वहां चिकित्सक ने कटोरी देवी को मृत घोषित कर दिया। प्रमिला देवी और गड़िया का इलाज चल रहा है। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने चालक और बाइक को भी कब्जे में ले लिया है। पीड़ित परिवार की तरफ से पुलिस को तहरीर दे दी गई है।