खसरे से हुई महिला की मौत को लेकर दूसरे दिन भी जांच करतीं स्वास्थ्य टीम।स्रोत-सोशल मीडिया
कप्तानगंज (कुशीनगर)। क्षेत्र के बौलिया गांव में बीते शनिवार की देर शाम कमलावती देवी (55) पत्नी मुनीब चौहान की मौत खसरा से होने की सामने आई थी, लेकिन महिला की मौत खसरा से नहीं, चिकन पॉक्स से होने का दावा स्वास्थ्य विभाग कर रहा है।
सीएमओ डाॅ.चद्रप्रकाश ने सोमवार को बताया कि बौलिया गांव में महिला की मौत खसरा बीमारी से नहीं हुई है ,बल्कि उसकी मौत चिकन पाॅक्स से हुई है। मृतिका के बेटे के अनुसार, उसने मां को खाने के लिए दवा दी थी,लेकिन माता रानी का प्रकोप बताकर नहीं खा रही थी।
महिला की मौत खसरा से होने की सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया था। इसे गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य कर्मियों की टीम रविवार को गांव पहुंची व साफ-सफाई के साथ लोगों को बचाव की सलाह दी। गांव के लोगों में क्लोरीन की गोली का वितरण कर ब्लीचिंग पाउडर आदि का छिड़काव कराया गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कोई चिंता की बात नहीं होने का दावा किया गया था। लेकिन सोमवार को महिला की मौत जब खसरा से नहीं चिकन पॉक्स से होने का सामने आया तो फिर से स्वास्थ्य विभाग गंभीर हो गया।
सीएमओ ने बताया कि अब गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम कैंप कर रही है। लोगों को आवश्यक सलाह व दवाएं दी जा रही हैं। बुखार से पीड़ित 15 लोगों के खून के सैंपल लिए गए हैं। जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है। वहीं,साफ-सफाई के साथ एटी लार्वा का छिड़काव भी कराया गया है। डॉ. संगप्रिय सत्यार्थी, डॉ. रश्मि सिंह, सविता व दिलीप कुमार के साथ डब्ल्यूएचओ की दो सदस्यीय टीम तैनात है,टीम के सदस्य गांव में घर-घर पहुंचकर लोगों को संचारी रोगों के लक्षण,बचाव व सावधानी बरतने के बारे में जानकारी दे रहे हैं। कोई लक्षण दिखाई देने पर अवगत कराने की अपील भी किया जा रहा है।