संदिग्ध हाल में झुलसी विवाहिता की मौत
कसया। थाना क्षेत्र के गांव बैदौली महुआडीह गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसी विवाहिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विवाहित की मां ने पुलिस को तहरीर सौंपकर ससुरालवालों पर कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर में बताया गया है कि अंशु पुत्री हरिओम निषाद उम्र 24 वर्ष का विवाह दो वर्ष पूर्व हरदोई में हुआ था। आरोप है कि पति अंशु का उत्पीड़न कर रहा था। चार दिन पूर्व अंशु ने अपने परिजनों को बताया था कि वह काफी बीमार है। परिजन हरदोई गए और वहां संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसी अंशु को घर लाए। पिछले तीन दिनों से अंशु का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा था। परिजन शनिवार की देर शाम जिला अस्पताल से अंशु को घर ले आए, जहां रविवार की सुबह उसकी तबियत बिगड़ने लगी। परिजन उसे अस्पताल ले जाने के लिए सोच ही रहे थे कि उसकी मौत हो गई।
अंशु की मां सरस्वती देवी ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में एसओ कसया ज्ञानेंद्र कुमार राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।