पुलिस के जवानों को दी गई पर्यटन की जानकारी
कसया। कुशीनगर के पर्यटन स्थलों की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से सक्रियता बरती जा रही है। यहां के प्रमुख दर्शनीय स्थलों के संरक्षण, सुरक्षा व स्वच्छता का ख्याल अब पुरातत्व के अलावा पर्यटन व स्थानीय पुलिस की ओर से किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से रविवार को पुलिस के जवानों को प्रशिक्षण दिया गया।
रविवार को पुलिस के 16 जवानों को पर्यटन स्थलों व पर्यटकों से जुड़ी जानकारी देकर उन्हें प्रशिक्षित करने का काम पुरातत्व विभाग के व्याख्यान केंद्र में किया गया। इस प्रशिक्षण का समापन 23 अक्टूबर को होगा। रविवार को प्रशिक्षण के पांचवें दिन प्रशिक्षु पुलिस के जवानों को विदेशी व देसी पर्यटकों अथवा सैलानियों के साथ वार्तालाप करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। निर्धारित प्वाइंटों पर तैनात पुलिस के जवान अथवा गार्डों को किसी ग्रुप के साथ न जाने की हिदायत दी गई। कहा गया कि ग्रुप के साथ जाना उनका काम नहीं है। उनके साथ आने वाले गाइड अथवा एस्कार्ट करेंगे।
प्रशिक्षक टीएसआई परमहंस ने कहा कि किसी भी पर्यटक के साथ कोई अमर्यादित व्यवहार न हो इसका ख्याल हम सबको रखना होगा। इससे ही कुशीनगर का नाम विश्व फलक पर और चमकेगा। उन्होंने जवानों से विनम्रता व शालीनता का व्यवहार करने पर जोर दिया। इस मौके पर पुरातत्व सहायक संरक्षण अविनाश चंद्र त्रिपाठी, वीरेंद्र मिश्र समेत पुरातत्व कर्मचारी आदि मौजूद रहे।