तमकुहीराज। स्थानीय तहसील क्षेत्र के एक लेखपाल व अन्य के ऊपर आरोप लगा एक महिला ने तहसील परिसर में हंगामा किया। इसके बाद एसडीएम ने पुलिस बुलाकर महिला को थाने भेज दिया। तमकुहीराज तहसील क्षेत्र के सेवरही ब्लॉक के गांव जवही मलही एहतमाली निवासी ललिता देवी पत्नी दुर्गेश ने मुख्यमंत्री के जनता दर्शन में शिकायती पत्र सौंपकर प्रधान व लेखपाल के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए थे। महिला का आरोप था कि वह गांव की आबादी की जमीन पर झोपड़ी डालकर जीवनयापन कर रही है। उसका घर उजाड़ा जा रहा है।
इसी शिकायत को लेकर बुधवार को महिला तहसील मुख्यालय पहुंची और हंगामा करने लगी। एसडीएम आकांक्षा मिश्रा ने महिला को समझाने का प्रयास किया तो महिला हल्का लेखपाल व प्रधान के ऊपर आरोप लगाकर बहस करने लगी। एसडीएम ने बताया कि शिकायत की तहसील प्रशासन की ओर से जांच में शिकायतों की सत्यता की पुष्टि नहीं हो सकी। मौके पर पुलिस बुलाया गया।