खड्डा। थाना क्षेत्र के चतुरछपरा गांव के सरेह में रविवार की सुबह एक युवक ने तेंदुआ जैसा जंगली जानवर देखने का दावा किया। इसके बाद गांव में दहशत और भय का माहौल बन गया है। सूचना पर गांव पहुंचे वन विभाग की टीम जानवर की तलाश में जुटी है।
चतुर छपरा गांव निवासी संजय कुशवाहा ने बताया कि वह सुबह करीब आठ बजे सरेह की तरफ से गए थे। वहां अचानक तेंदुआ की तरह दिखने वाला एक जानवर सियार का पीछा करते हुए उनके सामने आ गया। उसे देख वे बदहवास होकर गांव की तरफ भाग निकले। उनके शोर मचाने पर गांव के लोग जुट गए।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने घटना स्थल पर आकर पदचिन्ह की जांच कर कांबिंग में जुटी हुई है। वन दरोगा सदानंद यादव और लक्ष्मण प्रसाद की मौजूदगी में सरहे में पटाखे छोड़कर जानवर को भगाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि दिखाई देने वाला तेंदुआ है या कोई अन्य जानवर। गन्ना की फसल में जानवर कहीं गुम हो गया है। कुछ दिन पहले कोपजंगल गांव में हिंसक जानवर उत्पात मचाया था। वह एक बकरी को मार डाला था, दो युवक बाल-बाल बचे थे।
इस संबंध में डीएफओ वरूण सिंह ने बताया कि तेंदुआ जैसे जानवर चतुरछपरा गांव के पास सरेह में दिखने की सूचना मिली है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है। टीम वहां छानबीन में जुटी है। पदचिन्हों के आधार पर दिखे जानवर की तलाश की जा रही है। तेंदुआ है या कोई और जानवर है इसकी अभी पुष्टि नहीं की जा सकती है। वैसे लोगों को सर्तक रहने के लिए अपील की गई है।