तमकुहीराज। अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र की मांग को लेकर तमकुहीराज तहसील परिसर में धरना दे रहे गोंड़ आदिवासी महासभा के पदाधिकारियों और सदस्यों ने बृहस्पतिवार को अर्द्धनग्न प्रदर्शन किया। मंगलवार से चल रहे इस आंदोलन को तीसरे दिन अधिवक्ता संघ का भी समर्थन मिलने से मामला गरमाता जा रहा है।
गोंड़ आदिवासी महासभा के तहसील प्रभारी उदयलाल की अगुवाई में संगठन से जुड़े कई लोग मंगलवार से तहसील परिसर में धरना दे रहे हैं। ये लोग अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र जारी करने सहित चार मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होता देख बृहस्पतिवार को संगठन के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार गोंड़ समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी आंदोलन स्थल पर पहुंचे।
जिलाध्यक्ष ने धरना दे रहे लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बार-बार अनुरोध के बावजूद प्रशासन उनकी जायज मांगों पर भी कार्रवाई नहीं कर रहा है। मजबूरन आंदोलन का रास्ता अख्तियार करना पड़ रहा है। इसके बाद धरनास्थल पर मौजूद संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने तहसील प्रशासन के विरोध में नारेबाजी करते हुए अर्द्धनग्न प्रदर्शन शुरू कर दिया।
गोंड़ आदिवासी महासभा के इस आंदोलन को तमकुहीराज के अधिवक्ता संघ ने भी अपना समर्थन दिया है। अध्यक्ष अशोक राय की अगुवाई में कई वरिष्ठ अधिवक्ता आंदोलन स्थल पर पहुंचे और आंदोलन को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
इस दौरान नंदलाल विद्रोही, दिग्विजय गोंड़, मोतीचंद, विजय, प्रहलाद, भुआल, अरविंद, गोवर्धन, प्रभुनाथ, जनकलाल, मुकेश, संजय, पूर्णमासी, अजय, मनोज, अर्जुन, सिंगारी, सरस्वती, श्रीकांती, उमरावती, निशा मौजूद रहीं।