मंसाछापर। विशुनपुरा ब्लॉक के कंठी छपरा गांव के बनहवा टोला में विकास कार्यों की खामियां पहली ही बारिश में उजागर हो गईं। यहां इंटरलॉकिंग सड़क आसपास की जमीन से नीची बना दी गई है, जबकि जलनिकासी के लिए नाली की कोई व्यवस्था नहीं की गई। नतीजतन सोमवार को हुई बारिश के बाद पूरी सड़क पर पानी भर गया और लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया।
स्थिति इतनी खराब हो गई कि ग्रामीणों को अपने निजी खर्च पर पंपिंगसेट लगाकर सड़क पर भरे पानी को बाहर निकालना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल अस्थायी राहत है। हल्की बारिश होने पर भी सड़क फिर पानी से भर जाएगी, जिससे आवागमन की समस्या जस की तस बनी रहेगी। ग्रामीणों ने बताया कि जलभराव के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। सड़क पर कई जगह फिसलन हो जाती है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बरसात के दिनों में दोपहिया वाहन लेकर निकलना भी जोखिम भरा हो जाता है। लोगों का आरोप है कि निर्माण के समय न तो सड़क की ऊंचाई का सही आकलन किया गया और न ही पानी निकासी के लिए नाली बनाई गई। इसके कारण हर वर्ष बरसात शुरू होते ही यही समस्या खड़ी हो जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो पूरे बरसात के मौसम में लोगों का जीवन प्रभावित रहेगा। लोगों का कहना है कि केवल पानी निकलवाने से समस्या खत्म नहीं होगी, बल्कि नाली निर्माण और सड़क के तकनीकी सुधार से ही स्थायी समाधान संभव है। बीडीओ अखंड प्रताप ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं था, इस मामले की जांच करवाकर समाधान के लिए सचिव को निर्देश दिया जाएगा।