शहर हो या गांव, मुसीबत बना जलभराव
घरों और दुकानों में घुसा पानी, बढ़ी सांसत
अमर उजाला ब्यूरो
पडरौना। पांच दिन से हो रही लगातार बारिश से शहर से लेकर गांव तक जलभराव की समस्या उकायम हो गया है। लोगों के घरों और दुकानों में भी पानी घुस गया है। चहुंओर पानी से लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं।
जलजमाव की वजह से पडरौना नगर के कठकुइयां रोड, आवास विकास कॉलोनी, छावनी बाईपास रोड, पडरौना बाईपास रोड, ओंकारवाटिका कॉलोनी, रफी अहमद किदवईनगर सहित कई जगह जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। रविवार से हो रही बारिश बीच में कुछ देर के लिए जरुर थमी, लेकिन रुक-रुककर हो रही बारिश ने लोगों के लिए मुसीबत खड़ी कर दी है। बारिश का पानी लोगों के घरों और दुकानों में भर गया है।
जिला एवं सत्र न्यायालय के गेट पर पानी भर गया है। नौका टोला, उदित नारायण पीजी कॉलेज, इंटर कॉलेज, जगदीशपुरम कॉलोनी, तुलसी विद्यालय, जूनियर हाईस्कूल सहित विभिन्न विद्यालयों के परिसर में पानी भर गया है, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।
जटहां बाजार प्रतिनिधि के अनुसार बारिश के कारण यूपी-बिहार सीमा पर स्थित बांसी नदी के पुल का अप्रोच टूट गया है, जिसके कारण बड़े वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। वही रामधाम पोखरा के पास स्थित पुल में दरार पड़ गई है, जिसके कारण वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया है। जटहां बाजार गांव में बृहस्पतिवार की रात बारिश के समय ही राजेंद्र शर्मा की झोपड़ी गिर गई, जिसके कारण उनका पूरा सामान भीग गया। मंसाछापर गांव के निकट संचालित महामाया पॉलिटेक्निक स्कूल की बाउंड्रीवाल गिर गई है।
कठकुइयां प्रतिनिधि के अनुसार कठकुइयां, सेमरा हर्दो, सिकटा, घोरघटिया, पचरुखिया, कटया आदि गांवो में जलजमाव हो गया है। सेमरा चौराहे पर पडरौना-दुदही मार्ग पर पानी भर गया है। कठकुइयां रेलवे स्टेशन रोड पर जलजमाव के कारण यात्रियों को परेशानी हो रही है। तमकुहीराज प्रतिनिधि के अनुसार तमकुहीराज तहसील परिसर व विद्युत उपकेंद्र में पानी भर गया है। सरकारी अस्पताल, प्राथमिक विद्यालय, पशु चिकित्सालय परिसर में भी जलजमाव है। योगेश्वरी मार्केट की कई दुकानों में पानी घुस गया है। यहां के एक पुस्तक केंद्र के गोदाम में पानी घुसने से काफी क्षति हुई है। खानसामा टोला में जलनिकासी नहीं होने से लोगों के घरों में पानी घुस गया है।