पडरौना। हाटा कस्बे में एनएच-28 स्थित बाघनाथ व केन यूनियन चौराहे पर फ्लाईओवर के निर्माण की सुस्त रफ्तार के चलते बारिश होने पर अधूरी सर्विस रोड पर जलभराव हो जा रहा है। राहगीर घुटने भर पानी से तो वाहन हिचकोले खाते आवागमन करने के लिए मजबूर हैं। जलभराव वाले स्थल से गुजरने के दौरान गिरकर चोटिल होने व वाहनों के पलटने का अंदेशा बना हुआ है।
बुधवार की रात में हुई बारिश का पानी जलनिकासी के अभाव में हाटा पिपराइच मोड़ के पास निर्माणाधीन सर्विस रोड़ पर घुटने भर भरा हुआ है। इसके चलते पिपराइच मार्ग से हाटा व कुशीनगर सहित दूसरे गंत्वयों को आने व जाने वाले राहगीरों व वाहन चालकों के लिए जलभराव परेशानी व हादसे का सबब बना हुआ है। बारिश के पानी से तालाब बने सर्विस रोड से जलनिकासी के लिए जगह-जगह नाले बनाए गए है लेकिन वह भी अधूरे पड़े हुए हैं। बृहस्पतिवार सुबह 11:0 बजे अधूरी सर्विस रोड से पानी निकालने के लिए पंपिंग मशीन की मदद ली जा रही थी। इसके बावजूद राहगीरों को कोई राहत नहीं मिल पाई,वजह अधिक जलभराव का होता रहा।
कोट:-
फ्लाईओवर निर्माण से पहले सर्विस रोड व जलनिकासी के लिए नाले का निर्माण कराया जा रहा है। जहां पर अधूरा कार्य पड़ा हुआ है, वहां पर कार्यदायी कंपनी के जिम्मेदारों को जल्द कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। राहगीरों व लोगों की परेशानी को देखते हुए प्रमुख आवाजाही वाले स्थलों पर हर हाल में बरसात से पहले काम पूरा करा लिया जाएगा। -ललित प्रताप पाल, पीडी, एनएचएआई, गोरखपुर