पडरौना। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी, जबकि 23 अक्तूबर को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतगणना 27 अक्तूबर को होगी।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नामांकन की अंतिम तिथि छह अक्तूबर निर्धारित की गई है। सात अक्तूबर को नाम निर्देशनों की संवीक्षा होगी और नौ अक्तूबर तक प्रत्याशी नाम वापस ले सकेंगे। 23 अक्तूबर को मतदान के बाद 27 अक्तूबर को मतगणना कराई जाएगी। निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया 31 अक्तूबर तक पूरी कर ली जाएगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित सदस्य का कार्यकाल छह दिसंबर को समाप्त हो रहा है। इसके चलते रिक्त होने वाली सीट के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने द्विवार्षिक निर्वाचन का कार्यक्रम जारी किया है। उन्होंने बताया कि निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित जनपदों में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है।
निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों, राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों को आयोग के दिशा-निर्देशों तथा आदर्श आचार संहिता का पालन करना होगा। प्रशासन की ओर से निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।