पहले मतदान फिर किया जलपान
कुशीनगर विधानसभा क्षेत्र में 433 बूथों पर हुआ मतदान
कसया(कुशीनगर)। कुशीनगर विधानसभा क्षेत्र के 433 बूथों पर मतदाताओं ने पहले मतदान, फिर जलपान किया। सुबह सात बजे से बूथों पर पहुंचकर मतदान में दिलचस्पी दिखाई। बूथों पर बनाए गए सेल्फी प्वाइंटों पर मतदाताओं ने फोटो भी खिंचवाए।
कुशीनगर के विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी ने जूनियर हाईस्कूल कुशीनगर में बने सखी बूथ संख्या-317 पर मतदान किया। उन्होंने सेल्फी प्वाइंट पर फोटो भी खिंचवाए।
रामकोला तिराहा स्थित कन्या विद्यालय पर बने मतदान केंद्र पर पूर्व सांसद राजेश पांडेय ने मतदान किया। पूर्व कैबिनेट मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी ने गांव के ही प्राथमिक विद्यालय पिपराझाम में बने बूथ पर मतदान किया। मतदान के बाद मंत्री अपने चुनावी क्षेत्र पथरदेवा रवाना हो गए। प्राथमिक विद्यालय डुमरी में ईवीएम खराब होने के चलते आधे घंटे तक मतदान प्रभावित रहा। प्रशासन ने दूसरा ईवीएम मतदान केंद्र पर भिजवाया, तब मतदान शुरू हुआ।
टेकुआटार के प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के दुलहिन जगरनाथ कुंवरी इंटर कॉलेज, टेकुआटार में बने मतदान केंद्र पर डीएम एस. राजलिंगम व एसपी सचिंद्र पटेल सुबह साढ़े नौ बजे पहुंचे। उन्होंने पीठासीन अधिकारियों आदि से फीड बैक लिया। प्राथमिक विद्यालय गोबरहीं में बने बूथ संख्या 52 और प्राथमिक विद्यालय रामबर बुजुर्ग में बने बूथ संख्या 44 पर ईवीएम खराबी के चलते करीब आधे घंटे तक मतदान प्रभावित रहा।
साखोपार प्रतिनिधि के अनुसार किसान इंटरमीडिएट कॉलेज और कंपोजिट विद्यालय बहोरापुर में बने मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से मतदाताओं की भीड़ रही, लेकिन दोपहर बाद इन पर बने बूथ खाली दिखे।