शनिवार को जिले में मतदान शुरू होने के पहले ही कामकाजी लोग बूथों पर पहुंचकर लाइन में लग गए। इन लोगों ने पहले मताधिकार का प्रयोग किया, इसके बाद अपने जरूरी कार्य निपटाने में लग गए।
विधानसभा चुनाव में छठें चरण के लिए जिले में हो रहे मतदान को लेकर सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह दिखा। तमाम लोग मतदान शुरू होने के लिए निर्धारित समय से पहले ही पहुंच कर लाइन में लग गए थे। मतदान के बाद लोग खेती समेत अन्य दूसरे कार्यों में लग गए। बंदीछापर गांव के निवासी मतन भी मतदान शुरू होते ही बूथ पर पहुंच गए। मतदान के बाद घर आकर टोकरी बनाने में जुटे हुए थे। विजयपुर निवासी डब्लू ने भी सुबह जाकर पहले मतदान किया, इसके बाद खेत पहुंच कर ट्रेलर पर गन्ना लदाई का कार्य शुरू किया। रूदवलिया निवासी गुलाइची देवी और कुरमौल की दुर्गावती ने भी पहले मताधिकार का प्रयोग किया। इसके बाद रोज की तरह अपने खेतों में काम करने के लिए चली गईं।