पटहेरवा/फाजिलनगर। ससुराल आए युवक की बृहस्पतिवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पीएम रिपोर्ट स्पष्ट नहीं होने से विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए गोरखपुर भेजा गया। जांच रिपोर्ट में ही मौत कारणों का खुलासा होगा। थाना क्षेत्र के जोगिया सोमाली पट्टी निवासी राजू यादव (28) की शादी सात वर्ष पूर्व फाजिलनगर के वार्ड संख्या छह निवासी लालबचन के बेटी रामवती से हुआ था। बुधवार को उसके पुत्र का जन्म दिन था जिसे मनाने वह ससुराल आया था। देर रात में खाना खाने के बाद उसका अचानक तबीयत बिगड़ गया।
इसके बाद ससुराल वाले उसे सीएचसी फाजिलनगर ले गए जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना पर पहुंचे मृतक के पिता रामछाबिला ने बेटे का जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग किया। मृतक के पिता के तहरीर पर पुलिस ने पत्नी रमावती, ससुर लालबचन, सास जानती देवी, साले पिंटू और राजन पर हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने पीएम रिपोर्ट में मौत के स्पष्ट कारण नहीं मिलने पर बिसरा सुरक्षित कर गोरखपुर लैब जांच के लिए भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष विनय मिश्र ने बताया कि पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने के चलते विसरा जांच के लिए गोरखपुर लैब भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई किया जायेगा।