नेबुआ नौरंगिया। ग्राम किशनपुर विजयपुर में कूड़ा प्रबंधन केंद्र के निर्माण में कुछ लोग बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। इससे नाराज ग्रामीणों ने रविवार को प्रदर्शन कर जिला प्रशासन से बाधा उत्पन्न करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। नेबुआ नौरंगिया थाना के ग्रामसभा किशनपुर विजयपुर गांव में सीलिंग की भूमि पर ग्राम प्रधान ने शनिवार को कूड़ा प्रबंधन केंद्र का निर्माण शुरू कराया। उसी समय समूह विशेष की महिलाएं पहुंच गईं और स्थगन आदेश बताकर अवैध तरीके से कब्जा करने लगीं। विरोध करने वाली महिलाओं को मारपीट कर घायल कर दिया। प्रधान ने 112 नंबर पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो उनसे भी आरोपी महिलाएं उलझ गईं। प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह महिला पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे। महिलाओं को समझाने के लिए महिला पुलिस कर्मी बढ़ीं तो वे उनसे भी उलझ गईं। इसके विरोध में रविवार को गनेश, आशोक, सुबाष, वीरबहादुर, नागा, मुंशी, बाल्टी, विजई, उषा, संगिता, आरती, जलेबी, सुनीता, माधुरी, रम्भा, सीमा, अमरावती, प्रमीला, केशव आदि ने कूड़ा प्रबंधन केंद्र निर्माण स्थल पर प्रर्दशन किया। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन से शांति व्यवस्था में खलल डालने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि हेमंत शुक्ला ने बताया कि गांव में जब भी विकास कार्य शुरू होता है तो बार-बार विरोध किया जाता है। आरोपियों के खिलाफ चार बार शांति भंग की कार्रवाई हो चुकी है लेकिन वे अपने कृत्यों से बाज नहीं आ रहे हैं। एसडीएम खड्डा प्रिंस कुमार ने कहा कि मामला संज्ञान में है। गांव में शांति व्यवस्था में खलल डालने वाले लोगों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।