पिपरा कनक। ब्लॉक के ग्राम पंचायत मगुरी पट्टी व अमवा महंथ के प्रधान व ग्रामीणों ने प्रभारी मंत्री को पत्रक देकर ग्राम पंचायत का थाना क्षेत्र परिवर्तन करने की मांग की है। प्रभारी मंत्री ने आश्वासन दिया कि जल्द समस्या का समाधान कराया जाएगा।
ग्राम पंचायत मगुरी पट्टी के प्रधान आलमगीर खान व अमवा महंथ के प्रधान अजय यादव ने प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को एक पत्रक देकर कहा कि ग्राम पंचायत मगुरी पट्टी व अमवा महंथ पहले पटहेरवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत थे। दोनों गांव की सीमाएं भी पटहेरवा से मिलती हैं। लेकिन नए थाना चौराखास के सृजन होने के बाद अविवेकपूर्ण आवंटन करते हुए इन दोनों ग्राम पंचायत को चौराखास थाना क्षेत्र के अंतर्गत शामिल कर दिया गया। चौराखास थाना की दूरी यहां से 20 किलोमीटर है, जबकि पटहेरवा से एक किलोमीटर से भी कम है। चौराखास पुलिसकर्मी पटहेरवा थाना से होकर यहां पहुंचते हैं।