गुरवलिया बाजार। कसया-तुर्कपट्टी वाया सेवरही मार्ग स्थित सरिसवां गांव के समीप शुक्रवार शाम करीब सात बजे गांव वालों ने दो बाइक सवार बदमाशों को एक बछड़ा चुराते देख शोर मचाते हुए दौड़ा लिया। भीड़ देखकर अंधेरे का फायदा उठाकर दोनों बदमाश बाइक छोड़ भाग गए।
गांव वालों के अनुसार कुछ दूर आगे मुख्य सड़क पर पिकअप गाड़ी खड़ी थी। संभवत: तस्कर बछड़े को हांकते हुए पिकअप में लोडिंग के लिए ले जा रहे थे। ग्रामीणों का अारोप है कि मौके पर पहुंचे पुलिस वालों ने बदमाशों का पीछा करने वाले युवकों का मनोबल बढ़ाने के बजाय उन्हें फटकार लगाई।
उधर, पुलिस ने जब बरामद बाइक के बारे में पता किया तो वह पडरौना कोतवाली क्षेत्र के तस्करी में कुख्यात बसहिया बनवीरपुर गांव की निकली। गांव के युवकों द्वारा बनाए गए वीडियो में दो युवक और दो बछड़ा खेतों से भागते हुए देख रहे हैं।
प्रभारी थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार ने बताया कि गाड़ी के आधार पर आरोपियों को दबोचने की कोशिश की जा रही है।