पडरौना। जोकवा बाजार में रविवार को जलभराव की समस्या को लेकर ग्रामीणों व व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि जलनिकासी के लिए लाखों रुपये की परियोजना का टेंडर पहले हो चुका है। अब तक धन अवमुक्त न होने से परियोजना अटकी हुई है। उन्होंने जल्द कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
जोकवा बुजुर्ग गांव के नागेंद्र गुप्ता व सामाजिक कार्यकर्ता नंदलाल विद्रोही की अगुवाई में विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि यहां जलभराव की स्थिति से निजात के लिए 32 लाख रुपये की जलनिकासी परियोजना का टेंडर महीनों पहले हो चुका है, लेकिन धन अवमुक्त न होने से काम नहीं हो पा रहा है।
इस परियोजना की पत्रावली अपर जिला पंचायत राज अधिकारी के यहां लटकी है। प्रदर्शनकारियों में लोकेश जायसवाल, गुलाब गुप्ता, राजन जायसवाल, सुमंत पटेल, रविंद्र गुप्ता सहित अन्य लोग शामिल रहे।